सुप्रीम कोर्ट के समाधान समारोह-2026 के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

13 जुलाई: जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण चम्बा के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एकांश कपिल ने बताया कि आम लोगों को सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ‘समाधान समारोह-2026’ शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत विभिन्न मामलों का निपटारा आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता के माध्यम से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालतों का आयोजन होगा। इसके लिए 21 अप्रैल 2026 से ही राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं समितियों के अंतर्गत स्थापित मध्यस्थता केंद्रों में सुलह और मध्यस्थता बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों के बीच सहमति बनाने में सहयोग कर रहे हैं। पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं।

एकांश कपिल ने अधिवक्ताओं और सभी संबंधित पक्षकारों से इस विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि लंबित मामलों को ‘समाधान समारोह-2026’ की विशेष लोक अदालत में शामिल कराने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर एक सरल गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक पक्षकार 31 जुलाई 2026 तक फॉर्म भरकर अपने मामले को विशेष लोक अदालत में शामिल करा सकते हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *