13 जुलाई : हरोली के स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को सिविल अस्पताल हरोली में अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले नए भवन की आधारशिला रखी। लगभग 8.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन एक वर्ष के भीतर तैयार किया जाएगा। इसके पूरा होने के बाद हरोली और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अधिक आधुनिक, सुविधाजनक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सिविल अस्पताल हरोली को 100 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इसी योजना के तहत अतिरिक्त 50 बिस्तरों के लिए नए भवन का निर्माण किया जा रहा है। भवन बनने के बाद अस्पताल में मरीजों को अधिक व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा बढ़ती स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में सिविल अस्पताल हरोली में 11 चिकित्सक कार्यरत हैं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र का कोई भी स्वास्थ्य संस्थान चिकित्सकों के बिना नहीं है। साथ ही क्षेत्र में ईएसआई अस्पताल खोलने के प्रयास भी जारी हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चिकित्सकों के लिए आवास भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा सिविल अस्पताल हरोली को जल्द ही लगभग 25 लाख रुपये की लागत वाली अत्याधुनिक एंबुलेंस उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को उसके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है और अस्पतालों में आधुनिक सुविधाओं के साथ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।