सुजानपुर को मिली 7.54 करोड़ की सौगात, 16 पंचायतों के 14 हजार लोगों को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति

7 जुलाई: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को प्रदेश सचिवालय से हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 7.54 करोड़ रुपये की लागत से पटलांदर (अंसला) में निर्मित 33/11 केवी विद्युत सब-स्टेशन का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों के लगभग 14 हजार लोगों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

लाभान्वित होने वाली पंचायतों में पटलांदर, रंगर, चौरी, अंसला, भगोल, चमियाना, दुहाक, सौद, भटेरा, पनोह, धैल, जियार कसीरी, पीपल, टिक्करु, सपाहल तथा आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के तहत चबुतरा से अंसला तक लगभग 7.2 किलोमीटर लंबी 33 केवी एचटीएससी लाइन बिछाई गई है। नए सब-स्टेशन से 11 केवी कोट चौरी, सुजानपुर, पटलांदर और पलाई फीडरों को सीधे बिजली आपूर्ति दी जाएगी। आपात स्थिति या किसी तकनीकी खराबी के दौरान भी बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए इस सब-स्टेशन को 33 केवी सब-स्टेशन टौणी देवी और 33 केवी सब-स्टेशन सुजानपुर से भी जोड़ा गया है। इससे क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। साथ ही लाइन की लंबाई कम होने और फीडरों के आपस में जुड़े होने से बिजली की बर्बादी कम होगी तथा लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज की समस्या का भी स्थायी समाधान मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुजानपुर के विधायक रणजीत सिंह राणा लगातार इस समस्या को उनके समक्ष उठाते रहे, जिसके बाद सरकार ने इस परियोजना के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा स्वयं सुजानपुर पहुंचकर इसका उद्घाटन करने की थी, लेकिन खराब मौसम और बारिश के कारण यह संभव नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों का समान विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए सुजानपुर के विधायक रणजीत सिंह राणा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस परियोजना से 16 पंचायतों के लोगों की वर्षों पुरानी बिजली संबंधी समस्या का समाधान हुआ है और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

शिमला सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, सुरेश कुमार और सुदर्शन बबलू, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर तथा राज्य विद्युत बोर्ड के प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी उपस्थित रहे। वहीं, सुजानपुर से हमीरपुर की उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ और पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *