4 मई: सिरमौर। हरिपुरधार के समीप गत्ताधार मार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। गली कटिंग के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर ही 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज रफ्तार में था और एक तीखे मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार सीधे सड़क से नीचे जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।