6 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दुखद हादसा सामने आया है। पांवटा साहिब के धौलाकुआं क्षेत्र में बिजली लाइन से जुड़े कार्य के दौरान करंट लगने से 45 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोहन लाल निवासी गांव बेलवाली (डाकघर धौलाकुआं, तहसील पांवटा साहिब) ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनका 45 वर्षीय भतीजा बारु राम कई वर्षों से बिजली विभाग के एक ठेकेदार के पास मजदूर के रूप में कार्यरत था। आरोप है कि रविवार सुबह ठेकेदार ने उसे बिजली के पोल पर चढ़कर काम करने के लिए कहा। पोल के ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से बारु राम को करंट लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार ने बिजली बोर्ड से लाइट कटवाए बिना और शटडाउन लिए बिना ही मजदूर को चलती लाइन पर काम करने के लिए भेज दिया था।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बारु राम अपने पीछे पत्नी और चार बेटियों को छोड़ गए हैं। परिजनों ने इस दुर्घटना के लिए ठेकेदार की गंभीर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।