15 अक्तूबर: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जसूर स्थित हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की वर्कशॉप में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पांच नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों को पठानकोट डिपो में शामिल किया गया है। ये बसें पठानकोट से बैजनाथ, डाडा सीबा, गगरेट, हरिपुर-धर्मशाला और कुंडीहार रूट पर चलेंगी। इस दौरान उन्होंने एचआरटीसी वर्कशॉप जसूर के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार एचआरटीसी के बस बेड़े को आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रही है। निगम में 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं। इसके अलावा 200 हाइड्रोजन बसें और 250 डीजल बसें भी बेड़े में शामिल की जाएंगी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में नूरपुर क्षेत्र को और बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही निगम में 300 ड्राइवर और 300 कंडक्टरों की भर्ती भी की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नूरपुर क्षेत्र से उनका पुराना और भावनात्मक रिश्ता रहा है। क्षेत्र के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सत महाजन ने इलाके के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्हें सत महाजन के साथ काम करने का अवसर मिला और उनसे काफी कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले ने प्रदेश को कई बड़े नेता दिए हैं और नेताओं को आगे बढ़ाने में जनता की अहम भूमिका रहती है।
उन्होंने बताया कि फिना सिंह परियोजना स्वर्गीय सत महाजन का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट था। करीब 650 करोड़ रुपये की इस परियोजना पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद इसका निर्माण करीब 12 वर्षों से लंबित था। धन की व्यवस्था नहीं होने के कारण परियोजना पूरी नहीं हो पाई। अब इसके लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर करवाए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि डैम का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा किया जाएगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि फिना सिंह परियोजना का सबसे अधिक लाभ नूरपुर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। इस परियोजना को पूरा करना स्वर्गीय सत महाजन को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि परियोजना में देरी हुई है, लेकिन अब इसके निर्माण कार्य को गति देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के माध्यम से सीवरेज से संबंधित 42.50 करोड़ रुपये और पेयजल से जुड़े 35 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल, सीवरेज और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य जारी हैं।
एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि पांचों इलेक्ट्रिक बसों का संचालन इस प्रकार निर्धारित किया गया है कि प्रत्येक बस प्रतिदिन कम से कम 250 किलोमीटर चले। जसूर और पठानकोट में चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर दिए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान पहली इलेक्ट्रिक बस को बैजनाथ मंदिर रूट के लिए रवाना किया गया।
डिप्टी चेयरमैन प्लानिंग भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होना परिवहन निगम के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे निगम के संचालन खर्च में कमी आएगी और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी।
पूर्व विधायक अजय महाजन ने नूरपुर विधानसभा क्षेत्र को पांच नई इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नूरपुर के अध्यक्ष संदेश डडवाल, नगर परिषद नूरपुर की अध्यक्ष नीति महाजन, पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज, एसडीएम अरुण, एचआरटीसी के अधिकारी, चालक और परिचालक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।