23 जून , रवि दत्त भारद्वाज : सिरमौर जिला परिषद में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम करते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज की है। जिला परिषद सभागार में उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा समर्थित सदस्य शिवानी को जिला परिषद अध्यक्ष तथा बलदेव भंडारी को उपाध्यक्ष चुना गया।
इससे पहले हुए जिला परिषद चुनावों में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 में से 13 सीटों पर जीत हासिल की थी। परिषद के कुल 17 वार्डों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को स्पष्ट बहुमत मिला, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार केवल तीन सीटों पर जीत दर्ज कर सके। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई।
चुनाव परिणामों के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इसे भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि सिरमौर में पहली बार भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 17 में से 13 सीटों पर जीत हासिल की है। उन्होंने दावा किया कि यह परिणाम प्रदेश सरकार के खिलाफ जनता की नाराजगी को दर्शाता है। 
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का गृह जिला होने और सरकार के वरिष्ठ नेताओं के प्रभाव के बावजूद कांग्रेस को जिले में हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है, जिसका असर स्थानीय चुनावों में साफ दिखाई दिया।
सांसद सुरेश कश्यप ने भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत को जनता का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि सिरमौर सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानीय निकायों और पंचायत संस्थाओं में भाजपा को व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह जनसमर्थन आगामी विधानसभा चुनावों में भी दिखाई देगा।
नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष शिवानी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर विकास कार्यों को गति देंगी। उनका प्रयास रहेगा कि जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और जिला परिषद की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जाए।
उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी ने भी पार्टी नेतृत्व और जिला परिषद सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे सभी सदस्यों के सहयोग से पारदर्शिता और समन्वय के साथ कार्य करेंगे तथा जिले के विकास को प्राथमिकता देंगे।
जिला परिषद चुनाव परिणामों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मिले स्पष्ट बहुमत के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर पार्टी की जीत ने जिले की राजनीति में भाजपा की मजबूत स्थिति को और सुदृढ़ किया है।