सिरमौर के कोटी धमान में ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम, हर्षवर्धन चौहान ने सुनीं जनसमस्याएं

9 अक्तूबर: उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने वीरवार को जिला सिरमौर के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की कोटी धमान ग्राम पंचायत में आयोजित ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनसेवा और जनसंवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, जो जनता और सरकार के बीच संवाद, सहभागिता और विश्वास को मजबूत कर रहा है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को उनके घर-द्वार के समीप सुनना तथा उनका यथासंभव मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। जब सरकार गाँव की चौखट तक पहुँचती है, तो लोकतंत्र जनसेवा का जीवंत स्वरूप बन जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जिला सिरमौर सहित हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित एवं समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएँ और माँगें प्रशासन एवं सरकार के समक्ष रखीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। ऐसे कार्यक्रमों से सरकार को जमीनी स्तर पर लोगों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और उनके अनुरूप विकास योजनाएँ तैयार करने में मदद मिलती है।

इससे पूर्व उद्योग मंत्री ने ददाहू स्थित गौशाला का निरीक्षण भी किया।

श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार ने कार्यक्रम में पहुँचने पर उद्योग मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कोटी धमान में इस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज के इलाकों सहित कोटी धमान क्षेत्र की सात पंचायतों के लोगों को सरकार और प्रशासन के साथ सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना है।

कार्यक्रम के दौरान 20 इंतकाल, 10 एफिडेविट और 15 विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अतिरिक्त, 6 शिकायतें और 37 माँगें प्राप्त हुईं, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 49 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच की गई और उन्हें दवाइयाँ वितरित की गईं।

इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव सांख्यान, जिला विकास अधिकारी एवं ग्रामीण विकास विभाग से विक्रम ठाकुर, खंड विकास अधिकारी ददाहू दर्शन पुंडीर, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *