हमीरपुर में 2670 युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, एडीसी ने दिए पात्र युवाओं की पहचान के निर्देश

25 सितम्बर:प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के तहत हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम (एचपीकेवीएन) के माध्यम से करवाए जाने वाले अल्प अवधि के कौशल विकास प्रशिक्षण कोर्सों के लिए युवाओं की पहचान की जाएगी। एडीसी अभिषेक गर्ग ने संबंधित विभागों और संस्थानों के अधिकारियों को इच्छुक एवं जरूरतमंद युवाओं तक इन निशुल्क कोर्सों की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

वीरवार को हमीर भवन में जिला कौशल समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने कहा कि 18 से 45 वर्ष तक के दसवीं या बारहवीं पास युवाओं के लिए ये कोर्स रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में मददगार साबित हो सकते हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा रोजगार हासिल करने के साथ अपना उद्यम भी शुरू कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष हमीरपुर जिला में पांच चयनित क्षेत्रों में करीब 2670 युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें 1080 युवाओं को 2 से 5 माह का प्रशिक्षण और 1590 युवाओं को 2 से 5 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रारंभिक तौर पर योगा वेलनेस ट्रेनर, होम मैनेजमेंट एंड केयर गिवर, ग्रीन एनर्जी (सोलर) सुपरवाइजर, नेचर गाइड, असिस्टेंट राफ्टिंग गाइड, गेस्ट सर्विस एग्जीक्यूटिव, टूरिजम एंड हॉस्पिटैलिटी, एनवायरमेंटल साइंस और स्ट्रीट फूड सहित विभिन्न क्षेत्रों को प्रशिक्षण के लिए चिह्नित किया गया है।

एडीसी ने कहा कि ये प्रशिक्षण कोर्स सरकारी संस्थानों में ही करवाए जाएंगे। इनमें आईटीआई, अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थान, होटल प्रबंधन संस्थान और अन्य संबंधित संस्थान शामिल हैं। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ नए कोर्स शामिल करने के संबंध में विभागीय अधिकारियों से सुझाव भी मांगे।

बैठक में एचपीकेवीएन की जिला समन्वयक निशा कटोच ने योजना के लक्ष्यों और विभिन्न प्रशिक्षण कोर्सों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी विभागों एवं संस्थानों के अधिकारियों से अधिक से अधिक युवाओं को इन कोर्सों के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *