सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला पेट्रोल पंप कर्मचारी का शव, जांच में जुटी पुलिस

13 जून : ऊना जिले के अम्ब उपमंडल के पक्का परोह क्षेत्र में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय विनय कुमार पुत्र चिरंजी लाल, निवासी गांव अकरोट के रूप में हुई है, जो अम्ब स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार विनय कुमार वीरवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने घर के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद शुक्रवार सुबह वह पक्का परोह के निकट लिंक रोड के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की कार्रवाई पूरी करने के बाद व्यक्ति को सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया।

बताया जा रहा है कि विनय कुमार अविवाहित था और पिछले करीब दो वर्षों से पेट्रोल पंप में कार्यरत था। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *