संजौली मारपीट मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हिंदू संघर्ष समिति के 2 पदाधिकारी गिरफ्तार

7 जून: राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में एक दर्जी और उसके सहकर्मी के साथ कथित मारपीट तथा सार्वजनिक रूप से जुलूस निकालने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिंदू संघर्ष समिति से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मदन ठाकुर और विजय शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच तेज कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार संजौली में दर्जी की दुकान चलाने वाले अजीम मिर्जा और उनके सहकर्मी आफताब के साथ 6 जून को कथित तौर पर कुछ लोगों ने दुकान में घुसकर दुर्व्यवहार किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भीड़ ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया और दोनों को दुकान से बाहर निकालकर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें सड़क पर ले जाकर नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के दौरान मौजूद एक युवती से दोनों व्यक्तियों की पहचान करवाने का प्रयास किया गया था, लेकिन युवती ने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद कथित तौर पर भीड़ ने कार्रवाई जारी रखी।

पुलिस के अनुसार यह मामला एक अन्य प्रकरण से भी जुड़ा हुआ है, जिसमें एक युवती ने महिला थाना शिमला में एक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। उस मामले में पुलिस पहले ही संबंधित आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई कर चुकी है।

जांच अधिकारियों का कहना है कि युवती की शिकायत में अजीम मिर्जा और आफताब के खिलाफ कोई आरोप दर्ज नहीं था। ऐसे में किसी भी व्यक्ति के खिलाफ बिना कानूनी प्रक्रिया के कार्रवाई करना या कानून अपने हाथ में लेना स्वीकार्य नहीं है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों मामलों की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने या स्वयं न्याय करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *