7 जून: हिमाचल प्रदेश के चंबा शहर में 300 ग्राम सोने के कथित लेन-देन को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकाने के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में चमेशनी निवासी सरोज सामी ने बताया कि वह 5 जून को अपने देवर सुखदेव सामी के घर अपर जुलाहकड़ी गई थीं। उनका कहना है कि उन्होंने अपने 300 ग्राम सोने की वापसी की मांग की, जिसके बाद वहां मौजूद एक युवक ने कथित रूप से उनके साथ दुर्व्यवहार किया। शिकायत में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से सोनिया सामी ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरोज सामी और उनके साथ आए एक व्यक्ति ने उनके घर पहुंचकर विवाद किया और परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी कथित तौर पर धक्का-मुक्की और धमकी दी गई।
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ 300 ग्राम सोने से जुड़ा लेन-देन है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।