संगीत शिक्षक भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित, 46 उम्मीदवार चयनित; 72 पद खाली

27 अगस्त: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में संगीत शिक्षकों के 118 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-26021 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद 46 उम्मीदवारों का अंतिम रूप से चयन किया गया है।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि 118 पदों के लिए कुल 71 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 63 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी, जबकि 58 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए चयनित किया गया था। 18 अगस्त को दस्तावेजों की जांच के बाद 46 उम्मीदवार पात्र पाए गए और उनका चयन किया गया।

पात्र उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण 72 पद खाली रह गए हैं। इनमें सामान्य वर्ग के 26, सामान्य ईडब्ल्यूएस के 11, सामान्य स्वतंत्रता सेनानी परिजन का एक, ओबीसी के 15, ओबीसी बीपीएल के 4, एससी के 8, एससी बीपीएल के 3, एससी स्वतंत्रता सेनानी परिजन का एक और एसटी वर्ग के 3 पद शामिल हैं।

सचिव ने बताया कि अंतिम परिणाम उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *