27 अगस्त: उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के वीसी कक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकसित भारत जी-राम-जी, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग की योजनाएं सीधे आम लोगों के जीवन से जुड़ी हैं, इसलिए इनके कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी निर्धारित लक्ष्यों को तय समय सीमा में पूरा किया जाए।
उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के संग्रहण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एकत्रित प्लास्टिक को उचित तरीके से लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध करवाया जाए, ताकि सड़क निर्माण में इसका उपयोग किया जा सके। इसके अलावा कंपोस्ट पिट और सोक पिट के निर्माण को बढ़ावा देने तथा लैंड डेवलपमेंट के कार्यों पर विशेष फोकस करने को कहा।
विकसित भारत जी-राम-जी के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मानव दिवस बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने और ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी पात्र परिवारों को योजना में शामिल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सांसद निधि और विधायक निधि से चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने इन कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने तथा योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्तर पर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने भी ग्रामीण विकास अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीडीओ ग्रामीण विकास गोपी चंद पाठक, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा, सभी खंड विकास अधिकारी तथा ग्रामीण विकास विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।