8 अगस्त: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में संगीत शिक्षकों के 118 पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि संगीत शिक्षक पोस्ट कोड-26021 के तहत 118 पदों के लिए कुल 71 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 63 अभ्यर्थी सीबीटी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा में सफल 58 अभ्यर्थियों को अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया है।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 18 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में शुरू होगा। चयनित अभ्यर्थियों को इसकी सूचना उनके ईमेल के माध्यम से दी जाएगी। आयोग की ओर से अलग से कोई बुलावा पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को सत्यापन के समय सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, सेल्फ-अटेस्टेड फोटोकॉपी के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और पहचान पत्र साथ लाना होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थी को बाद में दूसरा अवसर नहीं दिया जाएगा।