15 अप्रैल: संसारपुर टैरस के पास गांव रिडी कुठेड़ा में मंगलवार शाम श्रद्धालुओं से भरा एक पिकअप ट्राला पलट गया, जिसमें सवार करीब 25 लोगों में से 10 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायल पंजाब के दसूहा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जो पक्काटियाला पपलोथर में माथा टेककर वापस लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे पेट्रोल पंप के समीप मोड़ पर ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और अग्निशमन विभाग की टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को ट्राले से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बीसीएमबी अस्पताल तलबाड़ा पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्राला मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैरापिट को तोड़ते हुए पलट गया। गनीमत रही कि पास के नाले में कीचड़ होने के कारण हादसे की गंभीरता कुछ कम हो गई।