11 मई: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शहरी विकास विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिमला की सब्जी मंडी केंद्रीय व्यापारिक जिला (सीबीडी) परियोजना और हमीरपुर सिटी सेंटर परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से आधुनिक और विश्वस्तरीय व्यापारिक एवं आर्थिक केंद्र विकसित कर रही है, जिससे शहरी क्षेत्रों में भीड़भाड़ कम होगी और राजस्व सृजन को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला की सब्जी मंडी सीबीडी परियोजना को दो चरणों में विकसित किया जाएगा, जिस पर कुल 330 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले चरण पर 210 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे, जिनमें से 160 करोड़ रुपये की राशि नगर निगम शिमला और लोक निर्माण विभाग को जारी की जा चुकी है।
उन्होंने नगर निगम शिमला को निर्देश दिए कि 53 आवास, छह शेड और एसजेपीएनएल कार्यालय को 11 मई तक खाली करवाया जाए। इसके अलावा पार्षद कार्यालय और खाद्य सुरक्षा कार्यालय को 15 मई तक तथा पांच दुकानों को 21 मई 2026 तक खाली करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोक निर्माण विभाग 11 जुलाई 2026 तक निर्माण कार्य के लिए स्थल पूरी तरह तैयार कर सके। मुख्यमंत्री ने अगस्त 2026 तक परियोजना की निविदा प्रक्रिया पूरी करने को भी कहा।
हमीरपुर में प्रस्तावित 140 करोड़ रुपये की सिटी सेंटर परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नया बस स्टैंड जल्द पूरा होने वाला है। इसके बाद पुराने बस स्टैंड को हटाकर सिटी सेंटर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए 80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि पीपीपी मोड के जरिए जुटाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और एचआरटीसी जल्द ही कब्जाधारकों को परिसर खाली करने के लिए नोटिस जारी करेगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि स्थान खाली होने के एक माह के भीतर निविदा प्रक्रिया पूरी की जाए।