शिमला में दर्दनाक हादसा, धार्मिक कार्यक्रम के दौरान चली गोली से महिला की मौत

27 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के रोहड़ू उपमंडल के चिड़गांव क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हवाई फायरिंग एक महिला की मौत का कारण बन गई। रविवार रात कुलगांव में आयोजित देव उत्सव के दौरान अचानक चली गोली से 26 वर्षीय महिला की मौके पर ही जान चली गई, जिससे खुशी का माहौल शोक में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, देवता के सम्मान में आयोजित इस पारंपरिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए थे। परंपरा के तहत कुछ लोग बंदूकों से हवाई फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक गोली वहां मौजूद रितिका (पत्नी सतीश), निवासी गांव बकोरा, को जा लगी। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। रितिका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ऐसे आयोजनों में पारंपरिक रूप से देवलू तलवार, डांगरू और खुखरी जैसे हथियारों के साथ नृत्य करते हैं और कई बार हवाई फायरिंग भी की जाती है। लेकिन इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसकी बंदूक से चली, क्योंकि कार्यक्रम में कई लोग हथियारों के साथ मौजूद थे।

घटना की सूचना मिलते ही चिड़गांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रोहड़ू अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग किसने की थी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *