13 जून : जिला शिमला के कुमारसैन क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की जान चली गई। वीरगढ़ गांव में एक थार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे एक घर के आंगन में जा गिरा, जिससे वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान शावट गांव निवासी कविश चौहान (28) पुत्र जगदीश चौहान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हादसे के समय वह वाहन में अकेला सवार था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 9:45 बजे घर के बाहर तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा गया कि एक थार वाहन घर के आंगन में पलटा हुआ पड़ा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर वाहन के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।