शिमला में छात्रा से छेड़छाड़, विरोध पर पत्थर से हमला; आरोपी हिरासत में

23 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली थाना क्षेत्र के बडफर इलाके में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और हमले का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में एक युवक ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवक नशे की हालत में था। उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उस पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।

घायल छात्रा को तुरंत आईजीएमसी शिमला में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि मामला गंभीर है और विभिन्न धाराओं के तहत जांच जारी है। चूंकि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए उसकी पहचान गोपनीय रखी जा रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और नशे से जुड़े मामलों पर सख्ती की मांग की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *