23 अप्रैल: पूर्वोत्तर नाइजीरिया में आतंकियों ने एक बार फिर हिंसा की घटना को अंजाम दिया है। बोर्नो राज्य के एक दूरदराज गांव पुबागु में मंगलवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने सो रहे लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें 11 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह हमला सांबिसा जंगल के पास स्थित गांव में हुआ, जो पहले अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता था। ग्रामीणों ने इस हमले के लिए आतंकी संगठन बोको हराम को जिम्मेदार ठहराया है, जो लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय है।
बुधवार को मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। स्थानीय परिषद के अध्यक्ष मवाडा सैदू उबा ने बताया कि पुबागु गांव में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई थी। घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज जारी है।
नाइजीरिया के इस क्षेत्र में लंबे समय से सुरक्षा संकट बना हुआ है, जहां आतंकी गतिविधियों के चलते आम लोगों को लगातार खतरे का सामना करना पड़ रहा है।