15 जुलाई: शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से भी जुड़ी है। इसी सोच के तहत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत सरस्वती वंदना और हवन के साथ करने की नई पहल की गई है।
बुधवार को राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में आयोजित कार्यक्रम में केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर हवन में आहुतियां दीं और नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। 
उन्होंने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में प्रत्येक मंगलवार प्रातः हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र के पाठ के साथ विद्यालयी गतिविधियों की शुरुआत की जा रही है।
केवल सिंह पठानिया ने जानकारी दी कि राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में इसी शैक्षणिक सत्र से बीवॉक की कक्षाएं शुरू करने की अनुमति मिल गई है। साथ ही भविष्य में यहां बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रम भी शुरू करने की योजना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य विश्वजीत ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बीवॉक और पीजीडीसीए पाठ्यक्रमों की मंजूरी दिलाने पर उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, बीएमओ, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ, विद्यार्थी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।