15 जुलाई: जोगिंदर नगर में मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और जनसुविधाएं सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में सभी विभागों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (ना.) मनीश चौधरी ने की, जबकि विधायक प्रकाश राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को सड़कों और नालियों की नियमित सफाई, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत, गड्ढों को भरने तथा अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
एसडीएम मनीश चौधरी ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के एससी राजीव शर्मा, डीएसपी लोकेंद्र नेगी, तहसीलदार जोगिंदर नगर रजत सेठी, तहसीलदार लड़भड़ोल डॉ. मुकुल शर्मा, एसएचओ जोगिंदर नगर साकिनी कपूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।