11 मई: भारत की महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने शंघाई में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दीपिका कुमारी, अंकिता भक्त और कुमकुम मोहोद की भारतीय तिकड़ी ने फाइनल मुकाबले में मेजबान चीन को रोमांचक शूट-ऑफ में 28-26 से हराया।
मुकाबले के चार सेटों के बाद दोनों टीमें 4-4 की बराबरी पर थीं, जिसके बाद विजेता का फैसला शूट-ऑफ से हुआ। भारतीय टीम की ओर से अंकिता भक्त ने नौ, कुमकुम मोहोद ने दस और चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी ने नौ अंक हासिल कर भारत की जीत पक्की की।
इस जीत के साथ दीपिका कुमारी ने अपने करियर का 39वां तीरंदाजी विश्व कप पदक जीता। वहीं अंकिता भक्त का यह आठवां और कुमकुम मोहोद के करियर का पहला विश्व कप पदक रहा।