26 जून : मनाली में व्यास नदी के किनारे अनधिकृत रूप से जाने वाले 12 पर्यटकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालान किए हैं। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 111 और 115 के तहत की गई।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि कई पर्यटक राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर व्यास नदी के किनारे पहुंच जाते हैं, जो विशेषकर बरसात के मौसम में बेहद जोखिमभरा और जानलेवा साबित हो सकता है। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से हादसे की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि इस खतरे को देखते हुए मनाली पुलिस ने बीआरओ और एनएचएआई से राष्ट्रीय राजमार्ग से नदी की ओर जाने वाले अनधिकृत रास्तों को बंद करने, संवेदनशील स्थानों पर फेंसिंग लगाने और चेतावनी संबंधी साइन बोर्ड लगाने का आग्रह किया है, ताकि पर्यटकों को संभावित खतरे की जानकारी मिल सके।
बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कुछ पर्यटक नदी किनारे जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को 12 पर्यटकों के चालान किए गए। डीएसपी ने सभी पर्यटकों से प्रशासन और पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा नदी किनारे जाने से बचने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में व्यास नदी या अन्य जोखिम वाले नदी तटों पर अनधिकृत रूप से जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।