हाई-वोल्टेज तारों की चपेट में आए विवेक की मदद को आगे आए मुकेश अग्निहोत्री, उपचार के लिए दिए एक लाख रुपये; चार लाख की अतिरिक्त सहायता के निर्देश

30 अक्तूबर: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना से चंडीगढ़ जाते समय विशेष तौर पर एम्स बिलासपुर पहुंचकर हरोली विधानसभा क्षेत्र के ईसपुर गांव निवासी दिव्यांग विवेक कुमार का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकों से विवेक के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विवेक घर के ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस हादसे में उसे अपना एक हाथ गंवाना पड़ा, जबकि दूसरे हाथ की उंगलियां भी काटनी पड़ीं। विवेक के पिता सोमनाथ फोटोग्राफी का काम करते हैं। हादसे के बाद परिवार कठिन दौर से गुजर रहा है।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विवेक के उपचार के लिए अपनी ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके साथ ही उन्होंने बिजली विभाग को चार लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि जल्द उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को विवेक की उचित देखभाल और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने को भी कहा।

इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने परिवार को आश्वस्त किया कि विवेक के उपचार और देखभाल के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *