वी-वॉक की छात्रा सुहानी ने जीता गोल्ड मेडल, एसपीयू मंडी में प्रदेशभर में किया टॉप

7 मई: सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के द्वितीय दीक्षांत समारोह में डिग्री कॉलेज धर्मशाला के वी-वॉक विभाग की मेधावी छात्रा सुहानी ने प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि से कॉलेज, परिवार और पूरे प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। छात्रा की सफलता पर महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।

कॉलेज पहुंचने पर प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, नोडल ऑफिसर प्रो. नरेश कुमार धीमान, प्रो. डॉ. नरेश शर्मा, प्रो. डॉ. संजय जसरोटिया और वी-वॉक विभाग के स्टाफ ने सुहानी का स्वागत कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा कि सुहानी की सफलता पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा लेने का आह्वान किया। वहीं नोडल ऑफिसर प्रो. नरेश कुमार ने कहा कि वी-वॉक कोर्स विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवा रहा है।

सुहानी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और वी-वॉक विभाग के स्टाफ को दिया। उन्होंने बताया कि उनके पिता राजीव कुमार पूर्व सैनिक हैं, जबकि माता मोनिका शर्मा गृहिणी हैं। दोनों ने उन्हें मेहनत और अनुशासन का महत्व सिखाया।

सुहानी ने कहा कि वी-वॉक कोर्स विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा ही नहीं बल्कि प्रैक्टिकल एक्सपोजर, इंडस्ट्री ट्रेनिंग और व्यक्तित्व विकास का अवसर भी देता है। उन्होंने कहा कि इस कोर्स के बाद विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार और प्लेसमेंट के अवसर मिलते हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार की रोजगारपरक शिक्षा पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को काफी लाभ मिल रहा है।

सुहानी की इस सफलता ने प्रदेशभर के विद्यार्थियों को मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *