विधानसभा का घेराव करने निकले युकां अध्यक्ष की टांग टूटी, 18 पदाधिकारी घायल

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

शिमला, 15 मार्च।  विधानसभा का घेराव करने के लिए निकले युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान हुई धक्कामुक्की में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी सड़क पर गिर गए और टांग टूट गई। वहीं कपड़े भी फट गए। कांगड़ा के जिला अध्यक्ष पंकज कुमार बेहोश हो गए। दोनों आइजीएमसी में भर्ती हैं। इनके अलावा करीब 18 कार्यकर्ता घायल हुए।

 

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने करीब 24 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया। इन पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। हालांकि पुलिस लाउड स्पीकर से कार्यकर्ताओं को समझाती रही कि प्रदर्शन करने की अनुमति केवल चौड़ा मैदान की दी है। दोपहर दो बजे तक की यह अनुमति थी।

युकां कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और नौकरियों में भाई भतीजावाद के मुद्दे को लेकर शिमला में सोमवार को प्रदर्शन किया। पहले चौड़ा मैदान स्थित आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन किया। चौड़ा मैदान में रैली के बाद दोपहर ढाई बजे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा घेराव के लिए निकले। पुलिस ने चौड़ा मैदान में बैरिकेड्स लगाए थे। कार्यकर्ता बैरिकेड्स को तोडऩे का प्रयास करने लगे। इसके बाद वे बैरिकेड्स पर ही चढ़ गए।

करीब आधे घंटे तक पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस और धक्कामुक्की होती रही। दोपहर तीन बजे कार्यकर्ता बैरिकेड्स तोड़कर विधानसभा की ओर बढऩे लगे। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद कई कार्यकर्ता वापस लौट गए। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स तोड़कर विधानसभा के बाहर भी पहुंचे। पुलिस को मजबूरन हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और तब जाकर युकां कार्यकर्ता पीछे हटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *