आनी से भाजपा के दो बार विधायक रहे किशोरी लाल कांग्रेस में हुए शामिल

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

02 मई।जिला कुल्लू के आनी विधानसभा क्षेत्र से दो बार भाजपा विधायक रहे किशोरी लाल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। गुरुवार शाम को ओकओवर शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की मौजूदगी में किशोरी लाल ने कांग्रेस की सदस्यता ली। 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने किशोरी लाल की जगह लोकेंद्र कुमार को टिकट दिया था। लोकेंद्र कुमार वर्तमान में आनी से विधायक हैं। टिकट कटने के बाद से किशोरी लाल भाजपा से नाराज चल रहे थे। इसी कड़ी में गुरुवार को उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा।
इस अवसर पर किशोरी लाल ने कहा कि पार्टी प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह की मंडी संसदीय सीट से जीत सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश सरकार ने 15 माह के छोटे से कार्यकाल में प्रदेश सहित आनी में बहुत अधिक विकास कार्य किए हैं। इन जनकल्याणकारी कार्यों को देखते हुए ही मैं आज अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुआ हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई कार्यकर्ता आनी में परेशान हैं। जल्द ही ये सभी कार्यकर्ता भी कांग्रेस में शामिल होंगे।किशोरी लाल ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह को आनी विधानसभा क्षेत्र से बड़ी लीड दिलाई जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आनी से पूर्व विधायक किशोरी लाल और उनके समर्थकों का कांग्रेस में शामिल होने पर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं में विश्वास जताते हुए किशोरी लाल भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए हैं। किशोरी लाल के शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी। जो भी श्रद्धा से कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास रखता है, उसका पार्टी में स्वागत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *