10 सितंबर: लपियाना में 77वें वन महोत्सव के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ पौधारोपण किया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर आगे बढ़ना है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण तैयार करना है। उन्होंने लोगों से पेड़ों के संरक्षण के साथ-साथ नियमित रूप से पौधारोपण करने की अपील की।
उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र की पंचायतों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया गया है। उन्होंने स्थानीय लोगों की ओर से रखी गई सड़क और सामुदायिक भवन की मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन भी दिया।
इससे पहले डीएफओ अमित शर्मा ने वन विभाग की ओर से किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने पेड़ों से होने वाले लाभों पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण में लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
चंगर कांग्रेस के सुरजन सिंह और पूर्व प्रधान हेमराज ने भी संबोधित किया। उन्होंने क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए केवल सिंह पठानिया की सराहना की। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से पंचायत में सोलर प्रोजेक्ट स्थापित हुआ है, जिससे पंचायत को निरंतर आर्थिक लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर एसडीएम पूजा अधिकारी, डीएफओ अमित शर्मा, आरओ सुमित शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, चंगर कांग्रेस से सुरेश पटाकु, सुरजन सिंह, संजय कुमार और बुद्धी सिंह, स्थानीय पंचायत प्रधान पिंकी देवी, प्रधान सरिता देवी, रेणु बाला, रविंदर कुमार, ओंकार, दर्शन, सुरिंदर, विभिन्न उपप्रधान, पंचायत सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।