10 सितम्बर: विकास खंड कांगड़ा की ओर से लंज में ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत बीपीएल परिवारों के साथ सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र परिवारों से बीपीएल सूची में चयन के लिए आवेदन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बीपीएल चयन की समय सीमा बढ़ाकर पात्र परिवारों को दोबारा चयन का अवसर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों के साथ सीधा संवाद एक सराहनीय पहल है। इससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और वास्तविक पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत चयनित परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का समान विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। गांवों को मजबूत बनाने के साथ बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। क्षेत्र में सार्वजनिक पुस्तकालय खोले गए हैं, जहां बच्चे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों की ओर से रखी गई मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
इससे पहले बीडीओ पारुल कटियार ने बीपीएल चयन प्रक्रिया और सीधे संवाद कार्यक्रम के उद्देश्य की विस्तृत जानकारी दी। प्रधान डडोली वीना देवी, प्रधान अपर लंज कुलवीर और सुमन मेहरा ने भी अपने संबोधन में क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया तथा विभिन्न मांगें उपमुख्य सचेतक के समक्ष रखीं।
बीएमओ डॉ. विक्रम कटोच ने लोगों से 14 वर्ष की लड़कियों को जीवन रक्षक टीका लगवाने का आह्वान किया और टीकाकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में एसडीएम पूजा अधिकारी, बीडीओ पारुल कटियार, बीएमओ डॉ. विक्रम कटोच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।