10 सितम्बर: आयुष्मान आरोग्य मंदिर रैत के तहत डॉ. भवानी के सानिध्य में योग प्रशिक्षक उद्यालक एवं अनुराधा शर्मा द्वारा योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। गृह रक्षा 9वीं वाहिनी बटालियन प्रशिक्षण केंद्र धनोटू के इंचार्ज पीसी अनिल कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन और प्राणायाम करवाए गए।
शिविर के दौरान स्कंध चालन, ग्रीवा चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन और वज्रासन सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास करवाया गया। इसके अलावा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और शीतली प्राणायाम भी करवाए गए।
योग प्रशिक्षकों ने कहा कि शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए सभी को प्रतिदिन प्रातः योगाभ्यास करने का संकल्प लेना चाहिए। व्यायाम, आसन और प्राणायाम के साथ ध्यान को भी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
शिविर में बीटीसी इंचार्ज पीसी अनिल कुमार, एसएल राजेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान चंचला, बबीता, मीना, संजीवना, अनामिका, ज्योति, निर्मला, रेखा, निशा, सोनिका, सीमा, अनीता, आरती और पूजा सहित अन्य प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। प्रतिभागियों ने शिविर के आयोजन के लिए आयुष विभाग का आभार व्यक्त किया।