2 जून: केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के दायरे का विस्तार करते हुए पहली बार उच्च शिक्षण संस्थानों और महाविद्यालयों के शिक्षकों को भी इसमें शामिल किया है। इस फैसले से प्रदेश सहित देशभर के कॉलेज शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से कॉलेज शिक्षकों को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान में शामिल करने की मांग की जा रही थी, जिसे अब केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।
अब तक राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मुख्य रूप से स्कूल शिक्षा से जुड़े शिक्षकों तक सीमित था, जिसके कारण महाविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक इस सम्मान के लिए पात्र नहीं होते थे। नई व्यवस्था के तहत उच्च शिक्षा क्षेत्र में नवाचार, शोध, शिक्षण गुणवत्ता, छात्र हित में किए गए कार्यों और संस्थागत विकास में योगदान देने वाले शिक्षकों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में इससे पहले राज्य शिक्षक पुरस्कार-2025 के दायरे का विस्तार करते हुए स्कूल शिक्षकों के साथ कॉलेजों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को भी शामिल किया गया था। अब इसी तर्ज पर राष्ट्रीय स्तर पर भी व्यवस्था लागू की गई है।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया 26 मई से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 5 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी डिग्री और संस्कृत महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पात्र शिक्षकों को आवेदन के लिए प्रेरित करने के निर्देश जारी किए हैं।
पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले शिक्षक नियमित फैकल्टी सदस्य होने चाहिए। साथ ही उनके पास स्नातक या स्नातकोत्तर स्तर पर कम से कम पांच वर्ष का पूर्णकालिक शिक्षण अनुभव होना आवश्यक है। आवेदक की अधिकतम आयु 55 वर्ष निर्धारित की गई है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों की श्रेणी में 25 और तकनीकी शिक्षा श्रेणी में 10 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।