2 जून: विश्व के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में शुमार धर्मशाला स्टेडियम ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। अहमदाबाद में आयोजित आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान धर्मशाला स्टेडियम को इस सीजन के सर्वश्रेष्ठ स्टेडियम के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के साथ धर्मशाला ने अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में हिमाचल प्रदेश की पहचान को और मजबूत किया है।
इस वर्ष बीसीसीआई द्वारा देश के दो सर्वश्रेष्ठ स्टेडियमों का चयन किया गया, जिसमें पहला स्थान धर्मशाला स्टेडियम को और दूसरा स्थान कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स को मिला। यह उपलब्धि मैदान की उत्कृष्ट सुविधाओं, बेहतरीन रखरखाव और उच्च स्तरीय प्रबंधन का प्रमाण मानी जा रही है।
एचपीसीए प्रबंधन ने इस सम्मान को वर्षों की मेहनत, तकनीकी तैयारियों, अनुशासित कार्यप्रणाली और पूरे स्टाफ के समर्पण का परिणाम बताया है। मैदान के पिच क्यूरेटर, ग्राउंड स्टाफ, ऑपरेशंस टीम और व्यवस्थाओं को संभालने वाले कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत को इस सफलता का मुख्य आधार माना गया है।
धर्मशाला स्टेडियम के विकास में केंद्रीय मंत्री और पूर्व एचपीसीए अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर की दूरदर्शी सोच तथा आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन अरुण सिंह धूमल के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है। बीसीसीआई और एचपीसीए के सहयोग से इस मैदान को विश्वस्तरीय क्रिकेट सुविधाओं से लैस किया गया है।
एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने कहा कि यह सम्मान पूरे एचपीसीए परिवार की एकजुटता, टीम वर्क और अथक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस उपलब्धि से भविष्य में धर्मशाला को अधिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों और बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी का अवसर मिलेगा, जिससे प्रदेश में खेल पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।