राष्ट्रमंडल खेल 2026: मुथुपंडी राजा ने दिलाया भारत को चौथा पदक, जीता रजत

28 जुलाई: भारत के युवा भारोत्तोलक मुथुपंडी राजा ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 65 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। रविवार देर रात खेले गए मुकाबले में 25 वर्षीय राजा ने कुल 286 किलोग्राम वजन (127 किग्रा स्नैच और 159 किग्रा क्लीन एंड जर्क) उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया। उनके इस प्रदर्शन के साथ ही भारत की झोली में राष्ट्रमंडल खेलों का चौथा पदक आया।

इस स्पर्धा में मलेशिया के मुहम्मद अजनिल बिदिन ने 299 किलोग्राम वजन उठाकर नया रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। वहीं पापुआ न्यू गिनी के मोरेया बारू ने कांस्य पदक हासिल किया।

तमिलनाडु के रहने वाले मुथुपंडी राजा का जन्म 12 जनवरी 2000 को हुआ था और वे इंडियन रेलवेज का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2017 की कॉमनवेल्थ यूथ एवं जूनियर चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद 2019 और 2022 में राष्ट्रीय चैंपियन बने।

साल 2024 में उन्होंने 61 किलोग्राम वर्ग में 289 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। वहीं 2025 की कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में 296 किलोग्राम के साथ रजत पदक जीता। इसके अलावा नॉर्वे के फ़ोर्डे में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में 299 किलोग्राम (130 किग्रा स्नैच और 169 किग्रा क्लीन एंड जर्क) का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि के साथ मुथुपंडी राजा को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए भारत के प्रमुख पुरुष भारोत्तोलकों में माना जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *