28 जुलाई: भारतीय निशानेबाजों ने आईएसएसएफ विश्व कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में दो पदक अपने नाम किए। ईशा सिंह ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने कांस्य पदक हासिल कर भारत की सफलता में अहम योगदान दिया।
फाइनल मुकाबले में ईशा सिंह ने 40 हिट के साथ पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, मनु भाकर ने कड़े मुकाबले के बीच अहम शूट-ऑफ जीतते हुए 28 हिट के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
क्वालिफिकेशन राउंड में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। मनु भाकर ने 586-20x के शानदार स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि ईशा सिंह 585-18x के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और दोनों ने आसानी से आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई।
इसके अलावा राही सरनोबत ने 582-16x का स्कोर किया। वहीं सिमरनप्रीत कौर बरार (576-20x) और अभिदन्या अशोक पाटिल (573-16x) ने रैंकिंग प्वाइंट्स ओनली (आरपीओ) श्रेणी में खेलते हुए प्रभावशाली प्रदर्शन किया। भारतीय निशानेबाजों के इस शानदार प्रदर्शन ने विश्व कप में देश की मजबूत दावेदारी को एक बार फिर साबित कर दिया।