4 जून: पैन इंडिया स्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दी’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। लंबे समय से चर्चा में रही इस स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा फिल्म को लेकर दर्शकों और फिल्म समीक्षकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रिलीज से पहले ही फिल्म ने शानदार माहौल बना लिया था, जिसके चलते इसके बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत करने की उम्मीद जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘पेद्दी’ पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 58 से 63 करोड़ रुपये तक की कमाई कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो यह राम चरण के करियर की सबसे बड़ी सोलो ओपनिंग फिल्म बन सकती है। साथ ही यह उनकी पिछली फिल्म ‘गेम चेंजर’ के पहले दिन के 51 करोड़ रुपये के कलेक्शन का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ सकती है।
फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। वहीं फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर, शिव राजकुमार और बोमन ईरानी समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म को लगभग 350 करोड़ रुपये के बड़े बजट में तैयार किया गया है।
फिल्म का मुख्य आकर्षण राम चरण का दमदार अवतार और खेल पर आधारित कहानी मानी जा रही है। तेलुगु राज्यों आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। ऐसे में शुरुआती कारोबार के आंकड़ों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘पेद्दी’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है और बॉक्स ऑफिस पर कितने नए रिकॉर्ड अपने नाम करती है।