30 जुलाई , तरसेम जरयाल : बोह घाटी के बातूनी गांव में लंबे समय से चली आ रही मोबाइल नेटवर्क की समस्या का समाधान हो गया है। मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया के प्रयासों से गांव में बीएसएनएल का मोबाइल टावर स्थापित कर दिया गया है। टावर शुरू होने के साथ ही ग्रामीणों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क और संचार सुविधाएं मिलने लगी हैं, जिससे लोगों में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि नेटवर्क न होने के कारण उन्हें वर्षों से कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, कर्मचारियों के कामकाज और आपातकालीन परिस्थितियों में संपर्क स्थापित करना बेहद कठिन हो जाता था। इस समस्या को मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया के समक्ष रखा गया, जिसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार प्रयास किए।
मुख्य सचेतक के प्रयासों के परिणामस्वरूप गांव में बीएसएनएल टावर स्थापित हुआ, जिससे बातूनी गांव अब बेहतर मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं से जुड़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे संचार व्यवस्था मजबूत होगी और डिजिटल सेवाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा।
इस अवसर पर बातूनी गांव के उपप्रधान रुलहेड़ ओम चंद सहित स्थानीय लोगों ने मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए उनकी सक्रिय पहल सराहनीय है और नेटवर्क सुविधा का गांव तक पहुंचना विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ग्रामीणों ने बीएसएनएल हिमाचल प्रदेश टेलीकॉम सर्किल, शिमला के मुख्य महाप्रबंधक राजन काम्बोज तथा विभाग के अन्य अधिकारियों का भी धन्यवाद किया। उनका कहना था कि विभाग के सहयोग से ही गांव में मोबाइल टावर स्थापित हो सका, जिससे अब लोग मोबाइल कॉल, इंटरनेट और अन्य डिजिटल सेवाओं का बेहतर लाभ उठा सकेंगे।
ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र की अन्य लंबित समस्याओं का भी शीघ्र समाधान होगा।