मुख्यमंत्री ने ‘चालान 2 पे’ पहल का किया शुभारंभ, एचआरटीसी को मिलेंगी 1,500 नई ई-बसें

8 अक्तूबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘चालान 2 पे’ पहल का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत लोग मौके पर ही चालान का सुरक्षित, सुविधाजनक और रियल-टाइम डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। इसके लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों को एक्सिस बैंक की ओर से पीओएस मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एचआरटीसी और परिवहन विभाग के कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी को 1,500 नई ई-बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे पहले निगम को 297 ई-बसें दी जा चुकी हैं। इसके अलावा 100 ग्रीन हाइड्रोजन बसें और 100 सुपर डीलक्स बसें खरीदी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में ई-चार्जिंग अधोसंरचना को गति देने के निर्देश दिए। साथ ही, एचआरटीसी के अधिकारियों को 30 ई-वाहन उपलब्ध करवाने तथा ऊना जिले और नालागढ़ स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) कार्यालयों को पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसों से संचालित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग का राजस्व वर्ष 2021-22 में 510 करोड़ रुपये था, जो बढ़कर वर्ष 2025-26 में 995 करोड़ रुपये हो गया है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *