5 सितंबर: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर ऊना के कोटला कलां स्थित बाबा बाल जी आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए। शुक्रवार देर रात दिल्ली से सीधे कोटला कलां पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय संत श्री बाबा बाल जी महाराज द्वारा स्थापित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा भी मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ने मंदिर में भगवान श्री ठाकुर जी का विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर श्री राधा-कृष्ण और बाबा बाल जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व में भाग लिया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कोटला कलां स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर एवं आश्रम प्रदेशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां वर्षभर धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं का सानिध्य समाज को आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और सद्मार्ग की ओर प्रेरित करता है। बाबा बाल जी महाराज द्वारा धार्मिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास श्रद्धालुओं को भक्ति और मानव सेवा की प्रेरणा दे रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में युवा पीढ़ी नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई की गिरफ्त में जा रही है। ऐसे दौर में बाबा बाल जी महाराज द्वारा समाज को आध्यात्मिकता, सदाचार और संस्कारों से जोड़ने का कार्य सराहनीय और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि बाबा बाल जी महाराज ऊना सहित पूरे उत्तर भारत के श्रद्धालुओं को प्रभु के चरणों से जोड़कर समाज में सकारात्मक सोच, भक्ति और मानवता का संदेश पहुंचा रहे हैं।