25 सितंबर: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली उपमंडल के लोअर भदसाली स्थित बाबा बोदल शाह मंदिर के दंगल मैदान के विकास के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। वह गुरुवार को बाबा बोदल शाह छिंज मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री ने बाबा बोदल शाह मंदिर के भवन, परिसर और हाल के निर्माण की सराहना करते हुए मेला समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंदिर और मेले से जुड़े आयोजन क्षेत्र की आस्था और सामाजिक परंपराओं से जुड़े हैं। बाबा बोदल शाह छिंज मेला लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए आपसी मेलजोल का अवसर रहा है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भी लोक परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने दंगल आयोजन के लिए अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में एक लाख रुपये का चेक मेला समिति को भेंट किया। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए समिति और स्थानीय लोगों को बधाई दी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में विकास का लक्ष्य वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के साथ आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर भविष्य तैयार करना है। बच्चों और युवाओं के लिए शिक्षा, खेल और आगे बढ़ने के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास के साथ स्थानीय परंपराओं और सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखना भी जरूरी है।
बाबा बोदल शाह छिंज मेला समिति के अध्यक्ष धर्मपाल और सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा दंगल मैदान के विकास के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा के लिए उनका आभार जताया। मेले में प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। कुश्ती मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।