मणिमहेश यात्रा के लिए HRTC ने कसी कमर, श्रद्धालुओं की मांग पर चलेंगी अतिरिक्त बसें

31 अगस्त: मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने व्यापक तैयारियां की हैं। HRTC धर्मशाला मंडल के डीएम पंकज चड्डा ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की मांग के अनुसार विशेष और अतिरिक्त बस सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि चंबा से भरमौर, पठानकोट, कांगड़ा, धर्मशाला, हमीरपुर, पालमपुर, बैजनाथ और जोगिंदर नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए नियमित बसों के अलावा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी। यात्रा के सुचारु संचालन के लिए DDM चंबा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी प्रदेशभर के HRTC डिपो के साथ समन्वय कर श्रद्धालुओं की मांग के अनुरूप बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

पंकज चड्डा ने बताया कि यदि श्रद्धालुओं का कोई समूह एक साथ यात्रा करना चाहता है तो वह संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक से संपर्क कर विशेष बस की ग्रुप बुकिंग करवा सकता है।

श्रद्धालुओं की सहायता के लिए HRTC ने शिमला मुख्यालय, चंबा, भरमौर और पठानकोट में कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। बसों के सुचारु संचालन और तकनीकी समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए विभिन्न डिपो से अतिरिक्त तकनीकी स्टाफ और मैकेनिक भी चंबा में तैनात किए गए हैं।

इसके अलावा बस सेवाओं की निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड और फिक्स्ड पॉइंट चेकिंग की व्यवस्था की गई है। HRTC प्रबंधन के अनुसार यात्रा शुरू होने से लेकर अंतिम श्रद्धालु के सुरक्षित घर लौटने तक निगम पूरी तत्परता के साथ परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *