19 अप्रैल:हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हुए सिया हत्याकांड में जांच के दौरान बड़ा खुलासा सामने आया है। आरोपी विकास पटियाल ने अपने माता-पिता के सामने ही सिर हिलाकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात वाले दिन आरोपी का अपनी मां से पैसों को लेकर झगड़ा हुआ था। वह बीड़ी खरीदने के लिए पैसे मांग रहा था, लेकिन कहासुनी के बाद गुस्से में घर से निकल गया। इसके बाद वह अलग-अलग रास्तों से होते हुए घटनास्थल तक पहुंचा।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रास्ते में उसे छात्रा सिया मोबाइल पर बात करते हुए मिली। गुस्से में उसने उस पर दराट से हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों के शोर मचाने पर वह मौके से भाग निकला, लेकिन बाद में स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर पूरे घटनास्थल और उसके भागने के रास्ते की निशानदेही करवाई है। मामले में फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं और करीबी लोगों से पूछताछ जारी है। एसपी के अनुसार, जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।