29 मई : मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता 32 वर्षीय महिला तारा देवी की तलाश में एनडीआरएफ ने सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय में सर्च अभियान तेज कर दिया है। वीरवार को एनडीआरएफ की दो टीमों ने जलाशय और नहर क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
जानकारी के अनुसार तारा देवी, निवासी मंदिर टांडा (बल्ह), 26 मई की रात से घर से लापता हैं। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी न मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। परिवार को आशंका है कि महिला ने बीएसएल नहर में छलांग लगाई हो सकती है।
महिला के अचानक लापता होने से परिवार सदमे में है। तारा देवी अपने पीछे 7 वर्षीय बेटा और 10 वर्षीय बेटी छोड़ गई हैं। मां के लापता होने के बाद बच्चों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद चिंता और मायूसी का माहौल बना हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीमों ने बीएसएल जलाशय में व्यापक सर्च अभियान चलाया। महिला के रिश्तेदार भी पूरे दिन जलाशय किनारे उम्मीद लगाए बैठे रहे, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला की तलाश के लिए एनडीआरएफ की मदद ली गई है और सर्च अभियान लगातार जारी है।