पंचायत चुनाव में नेताओं ने किया मतदान, लोकतंत्र को मजबूत बनाने का दिया संदेश

29 मई: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को अपने पैतृक गांव समीरपुर में परिवार सहित मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाई। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए मतदान करना हर नागरिक का पहला कर्तव्य है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से पंचायत चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास और सही प्रतिनिधि के चुनाव में हर वोट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और जनता द्वारा चुना गया सक्षम नेतृत्व ही गांवों को विकास की नई दिशा दे सकता है।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने भी पंचायती राज चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी शीला धूमल, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

मतदान के बाद प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव ग्रामीण विकास और स्थानीय स्वशासन की मजबूत नींव होते हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *