16 मई: मंडी शहर के आईटीआई चौक पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे सुकेती खड्ड में जा गिरी। हादसे में 19 वर्षीय बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन उसकी जान बच गई।
घायल युवक की पहचान लीलाधर निवासी बालीचौकी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बस स्टैंड से बाजार की ओर जा रहा था, तभी आईटीआई चौक के पास बाइक से नियंत्रण खो बैठा। हादसे के दौरान युवक खड्ड में गिरने की बजाय लोहे के एंगल में फंस गया, जिससे उसकी जान बच सकी।
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू कर युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।