नालागढ़ में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 13.32 ग्राम चिट्टा समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

16 मई: बद्दी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नालागढ़ क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 13.32 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और हजारों रुपए की नकदी बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली कार्रवाई में बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव रड़ियाली स्थित हिमुडा कॉलोनी में एक किराए के कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे से 6.24 ग्राम चिट्टा, एक डिजिटल तराजू और 1950 रुपए नकद बरामद किए गए। मौके से गोविंद शर्मा और जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई जोघों पुलिस चौकी की टीम ने अन्दरोला पुल के पास की। पुलिस को देखकर एक युवक ने जेब से पाउच और नकदी सड़क पर फेंक दी। जांच में पाउच से 7.08 ग्राम चिट्टा और 7220 रुपए नकद बरामद हुए। आरोपी हरमिंद्र सिंह को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि नशे की खेप कहां से लाई जा रही थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *