25 मई: पंचायती राज चुनावों के बीच मंडी जिले के भांबला वार्ड में जिला परिषद प्रत्याशी अभिलाषा ठाकुर पर हमले का मामला सामने आया है। घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है, जब वह चुनाव प्रचार खत्म कर वापस लौट रही थीं। इस हमले में अभिलाषा ठाकुर घायल हो गईं, जबकि उनकी कार को भी नुकसान पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि खुडला गांव के पास अभिलाषा ठाकुर कुछ देर के लिए गाड़ी से नीचे उतरी थीं। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर पत्थरबाजी की और धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश भी की, जिससे उनके सिर पर चोट लगी। घटना के दौरान उनकी कार के शीशे भी तोड़ दिए गए।
हमले के बाद परिजन और समर्थक उन्हें तुरंत बलद्वाड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। अभिलाषा ठाकुर की मां ने इसे सुनियोजित और जानलेवा हमला बताया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मंडी के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मतदान से ठीक पहले हुई इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल और अधिक गर्मा गया है