25 मई: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने एचआरटीसी कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाओं पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सड़क परिवहन निगम के चालक और परिचालकों की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार या हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने शिमला के घोड़ा चौकी क्षेत्र में एचआरटीसी वोल्वो बस चालक पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस प्रशासन और एचआरटीसी अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी संस्कृति, सभ्यता और मेहमाननवाजी के लिए पूरे देश में पहचान रखता है और ऐसी असामाजिक घटनाएं प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी के चालक और परिचालक कठिन परिस्थितियों में भी प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों तक लोगों को बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराते हैं। ऐसे मेहनती कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार एचआरटीसी कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।