भोरंज में वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के बीच संवाद, एसडीएम ने बुजुर्गों के अनुभवों से सीखने का किया आह्वान

1 सितंबर: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से भकरेड़ी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भोरंज में अंतर-पीढ़ीगत संबंध विषय पर एक दिवसीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम भोरंज शशि पाल शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और आईटीआई विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा समाज की ताकत हैं। वरिष्ठ नागरिकों और युवा पीढ़ी के बीच संवाद, आपसी समझ और सम्मान की भावना को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से बुजुर्गों के जीवन अनुभव, संस्कार और मूल्यों से सीख लेने तथा उनके प्रति सम्मान और सेवाभाव बनाए रखने का आह्वान किया।

जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा और तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव सिंह ने अतिथियों, वरिष्ठ नागरिकों और विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान आईटीआई विद्यार्थियों ने डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता के बारे में जानकारी साझा की और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपने जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, संयम और सकारात्मक सोच अपनाने के साथ तकनीक का सही उपयोग करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। एसडीएम शशि पाल शर्मा ने पौधा रोपा। आईटीआई परिसर में करीब 80 पौधे भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में आईटीआई प्रधानाचार्य अनिल ठाकुर, हेल्थ सुपरवाइजर अमनदीप शर्मा, एसआई अजय कुमार, विभागीय अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *